पन्ना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पन्ना में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की बनाई चित्रकलाओं का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यालयों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना भी समाजसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पना और विचारों को रंगों के माध्यम से जिस तरह प्रस्तुत किया, वह उनकी रचनात्मक क्षमता को दर्शाता है। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना बच्चों के सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

विधायक ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाएंगे। ऐसे में उन्हें शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा और कौशल को भी लगातार विकसित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए दो वाटर कूलरों का शुभारंभ भी किया गया। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर पढ़ाई के वातावरण के साथ मूलभूत सुविधाओं का होना भी जरूरी है। विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराई गई वाटर कूलर की सुविधा उपयोगी साबित होगी।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों और सुविधाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।