पीएम नरेंद्र मोदी 27 अक्टूबर को यूपी के छोटे व्यापारियों को बड़ी सौगात देंगे
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के 5 लाख से अधिक ठेले, रेहड़ी और छोटे खोमचे वालों से संवाद करेंगे। साथ ही 651 नगर निगम, नगर निकायों और नगर पंचायतों के 3 लाख ठेले, रेहड़ी और खोमचे वालों को प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के अंतर्गत ऋण वितरण भी करेंगे।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत अधिकतम 10 हजार रुपए तक का ऋण मिलता है। यह कारोबार को शुरू करने में मदद करता है, जिसे बेहद आसान शर्तों के साथ दिया जाता है।
आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने एक जून 2020 को पीएम स्वनिधि योजना शुरू की थी। इसका उद्देश्य कोविड-19 लॉकडाउन के कारण प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुए ठेले, खोमचे वालों को अपनी आजीविका फिर से शुरू करने के लिए किफायती दर पर कार्यशील पूंजी लोन प्रदान करना है।
टीम-11 की बैठक में अफसरों ने सीएम योगी को बताया कि उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान अब तक 8.41 लाख पटरी व्यवसायियों को पहले ही 1000 रुपए का भरण पोषण भत्ता दिया जा चुका है।
प्रदेश सरकार के पास इन पटरी व्यवसाइयों का पूरा ब्यौरा मौजूद है। इस ब्यौरे की मदद से ही उन्हें अब लोन भी उपलब्ध कराया जाएगा। अब उन रेहड़ी-पटरी, ठेले या फुटपाथ पर दुकान चलाने वाले भी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ ले सकेंगे जिनके पास पहचान पत्र और विक्रय प्रमाण पत्र नहीं है।
इस कर्ज को एक साल में मासिक किश्त में लौटाना होगा। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना ने बताया कि प्रदेश में 1,27,000 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। पिछले साल इसी समय में 11,988 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी।
मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी ने अपने लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना' के अंतर्गत दिए जाने वाले ऋण/धानक्रय/प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के संबंध में संवाद किया। pic.twitter.com/yxfzo4HyFx
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) October 19, 2020
सीएम योगी ने कल सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को धान का एमएसपी मिल रहा है और समय पर खरीद हो रही है।