प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को गुजरात के दौरे पर रहेंगे, जहां वह जनजातीय गौरव दिवस मनाने और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर पूरे राज्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नर्मदा जिले में 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास है। इन परियोजनाओं में आदिवासी कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
देवमोगरा मंदिर में पूजा के बाद डेडियापाड़ा में जनसभा
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 12:45 बजे नर्मदा जिले के देवमोगरा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह दोपहर करीब 2:45 बजे डेडियापाड़ा पहुंचेंगे, जहां एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीए-जगुआ) के तहत बनाए गए एक लाख घरों का गृह प्रवेश शामिल है। इसके साथ ही वह लगभग 1,900 करोड़ रुपये की लागत से बने 42 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे। आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए इंफाल में निर्मित जनजातीय अनुसंधान संस्थान भवन और डिब्रूगढ़ में असम मेडिकल कॉलेज में बने सक्षमता केंद्र का भी उद्घाटन होगा।
कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री गुजरात के 14 आदिवासी जिलों में यातायात सुविधा बढ़ाने के लिए 250 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में 748 किलोमीटर लंबी नई सड़कों के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। डीए-जगुआ के तहत 14 आदिवासी बहु-विपणन केंद्रों की भी नींव रखी जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे। पीएम मोदी 2,320 करोड़ रुपये की लागत वाले 50 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की भी आधारशिला रखेंगे, जो जनजातीय छात्रों की शिक्षा को मजबूत आधार देने का काम करेंगे।
सूरत में बुलेट ट्रेन परियोजना की समीक्षा और पीएम किसान की नई किस्त
प्रधानमंत्री आज सूरत में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा करेंगे और मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (एमएएचएसआर) की प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह परियोजना भारत की हाई-स्पीड कनेक्टिविटी का नया युग शुरू करेगी। लगभग 508 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर गुजरात, दादरा एवं नगर हवेली और महाराष्ट्र के कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगा।.इसके साथ ही पीएम मोदी 19 नवंबर को पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करेंगे। अब तक 20 किस्तों के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 3.70 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है, जिससे किसानों को खेती, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य खर्चों में मदद मिली है।