मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुजरात की धरती भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के अनेक देशों में धर्म, अध्यात्म, सनातन परंपरा और मानव कल्याण के मूल्यों को चेतना से जोड़ने का कार्य कर रही है। इस भूमि ने महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसी विभूतियों को जन्म दिया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को वडोदरा में पूज्य महंत स्वामी महाराज के 92वें जन्मजयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वामी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके शतायु होने की कामना की और कहा कि आने वाले वर्षों में उनका शताब्दी समारोह और अधिक भव्य रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज सऊदी अरब, अबूधाबी और अमेरिका सहित विश्व के अनेक देशों में स्वामीनारायण अक्षरधाम जैसे पारंपरिक हिंदू मंदिरों का निर्माण हो रहा है और विश्वभर में 600 से अधिक मंदिर सनातन संस्कृति का संदेश दे रहे हैं। ‘सत्संग दीक्षा’ जैसे शास्त्रसम्मत ग्रंथ की रचना और हजारों सेवाभावी नवयुवक संतों का निर्माण सनातन परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि महंत स्वामी महाराज की जीवन यात्रा की जड़ें मध्यप्रदेश से भी जुड़ी हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वडोदरा केवल एक नगर नहीं, बल्कि उस सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है, जहां भक्ति के साथ सेवा की दीर्घ परंपरा विद्यमान है। भगवान स्वामीनारायण से लेकर महंत स्वामी महाराज के जीवन में गुरु परंपरा का जो संदेश अभिव्यक्त हुआ है, वह आज समाज को आलोकित कर रहा है। संतों की सामूहिक उपस्थिति बगिया में एक साथ खिलते अनेक पुष्पों के समान होती है, जो बच्चों और युवाओं को संस्कारवान बनाती है।
महंत स्वामी महाराज के 92वें जन्मोत्सव के अवसर पर 15,666 बच्चों द्वारा एक साथ स्वामी जी रचित ‘सत्संग दीक्षा’ ग्रंथ के 315 संस्कृत श्लोकों के सामूहिक पाठ से नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसे भारतीय संस्कृति और संस्कारों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने महंत स्वामी महाराज से जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी जी ने दोनों मुख्यमंत्रियों का पुष्पमाला से अभिनंदन किया। कार्यक्रम में श्री गुणातीतानंद स्वामी के जीवन और महिमा पर आधारित नाटक का मंचन भी किया गया, जिसमें उनके सामाजिक और धार्मिक योगदान को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव के वडोदरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निःसंदेह गुजरात की यह सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा नए भारत की सशक्त पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर रही है।