1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. पीएम मोदी सांसदों के लिए बने नए फ्लैट्स का आज करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी सांसदों के लिए बने नए फ्लैट्स का आज करेंगे उद्घाटन

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
पीएम मोदी सांसदों के लिए बने नए फ्लैट्स का आज करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सांसदों के लिए निर्मित बहुमंजिला आवासों का उद्धाटन करेंगे। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी उपस्थित रहेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि फ्लैट राष्ट्रीय राजधानी में डॉक्टर बीडी मार्ग पर स्थित हैं।8 पुराने बंगलों का, जो 80 साल से अधिक पुराने थे, इन 76 फ्लैटों के निर्माण के लिए पुनर्विकास किया गया है।

इन आवासों के निर्माण पर स्वीकृत कुल राशि का 14 प्रतिशतबचत के साथ और बिना अधिक समय लगे इन फ्लैटों का निर्माण पूरा हो चुका है। और कोरोना महामारी के बावजूद काफी कम समय में यह काम पूरा कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 13 फ्लोर के 3 टॉवर में कुल 76 फ्लैट्स बनाए गए हैं। इन टॉवर्स के नाम गंगा, जमुना, सरस्वती रखा गया हैं। इनकी नींव 2017 में रखी गई थी और 2018 में काम शुरू हो गया था।

लगभग दो साल से कुछ ज्यादा समय में यह प्रॉजेक्ट पूरा हो गया है। ये सभी फ्लैट्स आधुनिक तकनीक और सुख-सुविधाओं से लैस हैं और इनका निर्माण ग्रीन टेक्नॉलजी के तहत हुआ है। इन फ्लैट्स के लिए 228 पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इन आवासों के निर्माण के दौरान विभिन्न हरित निर्माण पहलों का भी ध्यान रखा गया है। इसके तहत फ्लाई ऐश और निर्माण तथा ढहाई गई इमारतों से निकले कचरे से निर्मित ईंटों का इस्तेमाल किया गया है।

इसके साथ-साथ थर्मल इन्सूलेशन के लिए दोहरी ग्लेज्ड खिड़कियां और ऊर्जा की बचत करने वाली एलईडी लाइट फिटिंग्स, लाइट कंट्रोल के लिए सेंसर का इस्तेमाल किया गया।

वहीं कम बिजली खपत सु‍निश्चित करने के लिए वीआरवी सिस्टम से लैस एयर कंडीशनर, पानी की बचत करने वाली कम बहाव वाली टोटियां, वर्षा जल संचयन व्यवस्था और इमारतों की छतों पर सौर संयंत्र लगाए गए हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...