प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को पांचवें आयुर्वेद दिवस पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जामनगर में आयुर्वेद शिक्षण और अनुसंधान संस्थान और जयपुर में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का उद्घाटन करेंगे। बुधवार को यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने दी।
आयुर्वेद में शिक्षण व शोध संस्थान विधेयक, 2020 गत माह राज्यसभा से पारित हो गया। लोकसभा इसे 19 मार्च को ही पारित कर चुकी है। विधेयक में तीन आयुर्वेदिक संस्थानों को मिलाकर ‘आयुर्वेद शिक्षण व शोध संस्थान’ (आइटीआरए) स्थापित करने का प्रावधान है।
इसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा हासिल होगा। कोरोना से संक्रमित आयुष मंत्री श्रीपद नाइक की अनुपस्थिति में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने सदन में विधेयक को पेश किया।
उन्होंने कहा कि देश में इस समय राष्ट्रीय महत्व के 103 संस्थान हैं, लेकिन एक भी आयुर्वेद का नहीं है। जामनगर के संस्थान को इसलिए चुना गया है। क्योंकि यह देश का सबसे पुराना संस्थान है, जिसकी स्थापना सरकार ने 1956 में की थी।
विधेयक में इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट ग्रेजुएट टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेद, गुलाब कुंवरबा आयुर्वेद महाविद्यालय व इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक फार्मास्यूटिकल साइंसेज को मिलाकर एक करने का प्रावधान है। ये तीनों ही गुजरात के जामनगर में स्थित हैं।
प्रस्तावित संस्थान जामनगर स्थित गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के कैंपस में स्थित होगा। चर्चा के दौरान टीआरएस, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट, अन्नाद्रमुक, माकपा, बसपा व विभिन्न पार्टियों के कई सांसदों ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह के संस्थान खोलने की मांग की।
इस पर सभापति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि हर राज्य में ऐसे संस्थानों को खोलने की मांग पर मंत्री को विचार करना चाहिए। हरियाणा के महर्षि संस्कृत विश्वविद्यालय में इस बार नए सत्र से आयुर्वेद में डिप्लोमा कोर्स शुरू किया जाएगा।
इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से शुरुआती चरण में 10 सीटें देने की घोषणा की गई है। विवि में दाखिले को लेकर आवेदन की तिथि का समय भी 30 सितंबर तक बढ़ाया गया है। डिप्लोमा व डिग्री की 200 सीटों के लिए 888 आवेदन आ चुके हैं। सरकार की ओर से संस्कृत भाषा के प्रचार के लिए इस विवि की घोषणा की थी।