उज्जैन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपए की अवैध बीयर खेप पकड़ी है। गुजरात नंबर के ट्रक से 900 पेटी बीयर बरामद की गई। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने निनोरा टोल के पास गुजरात नंबर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में बीयर की खेप मिली। पुलिस के मुताबिक ट्रक से 900 पेटी बीयर बरामद हुई। जिनमें करीब 21 हजार 600 केन मौजूद थीं। कुल 10 हजार 800 बल्क लीटर बीयर की कीमत लगभग 45 लाख रुपए आंकी गई है।
वहीं पुलिस ने 55 लाख रुपए कीमत का ट्रक भी जब्त किया है। इस तरह कुल जब्ती करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मौके से ट्रक चालक रवि चौहान और उसके साथी गमरा गुजरिया को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी अलीराजपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अवैध शराब परिवहन की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार यह खेप निनोरा टोल होते हुए इंदौर की ओर ले जाई जा रही थी। नगर पुलिस अधीक्षक श्वेता गुप्ता और थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में यह पूरी कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क मध्यप्रदेश से लेकर गुजरात और इंदौर तक कितना फैला हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नानाखेड़ा पुलिस अवैध शराब तस्करी के कई मामलों का खुलासा कर चुकी है। जिससे उज्जैन क्षेत्र में सक्रिय बड़े नेटवर्क की आशंका और मजबूत हो गई है।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट