1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. पर्यावरण सुधार के साथ ही पर्यटन केन्द्र के रूप में उभरेगा नगर वन- नरेंद्र तोमर

पर्यावरण सुधार के साथ ही पर्यटन केन्द्र के रूप में उभरेगा नगर वन- नरेंद्र तोमर

नगर वन विकसित करने को लेकर भूमिपूजन, दो सडकों का भी लोकार्पण

By: Naredra 
Updated:
पर्यावरण सुधार के साथ ही पर्यटन केन्द्र के रूप में उभरेगा नगर वन- नरेंद्र तोमर

श्योपुरः विजयपुर की सिद्ध बाबा पहाडी पर नगर वन विकसित करने के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर कहा कि वन विभाग द्वारा विकसित किया जा रहा नगर वन न केवल पर्यावरण सुधार के लिए कारगर होगा, बल्कि एक पर्यटन केन्द्र के रूप में भी उभरेगा।

वन विभाग के तत्वाधान में आयोजित उक्त कार्यक्रम के दौरान सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, भाजपा जिला महामंत्री अरविन्द जादौन एवं संजय अकोदिया, नगरपरिषद विजयपुर के अध्यक्ष कमलेश कुशवाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजयपुर शुभम मुदगल, डीएफओ सामान्य वन मंडल केएस रंधा सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे। इस अवसर पर सिद्ध बाबा की पहाडी पर बनाये जाने वाले नगरवन में पौधरोपण भी किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित कराई गई दो सडकों का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिद्ध बाबा पहाडी पर विकसित किये जा रहे नगरवन में अनेक प्रजातियों के पौधे लगाये जायेगे, जिससे पहाडी के संरक्षण के साथ ही पर्यावरण सुधार भी होगा, नगरवन में सैलानियों के लिए अन्य सुविधाएं भी विकसित की जायेगी।

सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है, जिसमें पर्यावरणीय सुधार के कार्यक्रम भी लिये जा रहे है। इसी क्रम में विजयपुर में नगरवन बनाया जा रहा है, उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण भी किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को ओर अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होगी। इसके अलावा कार्यक्रम को वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सामान्य वन मंडल के डीएफओ केएस रंधा द्वारा जानकारी दी गई कि सामान्य वन मंडल अंतर्गत ग्रीन प्रोजेक्ट के तहत नगरवन विकसित किया जा रहा है। नगरवन में एक योगा प्लेटफार्म भी बनाया जायेगा, जहां लोग योग की क्रियाएं कर सकेंगे। नगरवन में विभिन्न प्रजातियों के पेड लगाये जायेगे, 37 हेक्टयर भूमि में नगरवन विकसित किया जायेगा।

इस अवसर पर विजयपुर क्षेत्र की दो सडकों का लोकार्पण संपन्न हुआ, विनेगा से नेहरखेडा मार्ग तक 2 करोड 94 लाख रूपये लागत की 3.34 किलोमीटर तथा गोबर रोड से गजनपुरा मार्ग तक 1 करोड 46 लाख रूपये लागत की डेढ किलोमीटर सडक का लोकार्पण किया गया।

श्योपुर से संवाददाता जेपी शर्मा की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...