भारत समेत पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का कहर जारी है और सभी इस महामारी को पराश्त करने के लिए वैक्सीन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भारत में भी कोरोना वायरस की कई वैक्सीन का ट्रायल चल रहा है।
वैक्सीन कब तक आएगी, इसकी कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं है, मगर देश में किन-किन को दिया जाएगा, यह अब स्पष्ट हो गया है। कोरोना वैक्सीन को लेकर गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही वैक्सीन भारत में उपलब्ध होगी वह प्रत्येक नागरिक को मुहैया कराई जाएगी। कोई भी भारतीय टीकाकरण से छूटेगा नहीं। देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। देश में अब तक 80 लाख लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। देश और विदेश में इसकी कई वैक्सीन पर ट्रायल चल रहा है।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बयान महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि जैसे ही देश में वैक्सीन उपलब्ध होगी, हर किसी को वैक्सीन दी जाएगी। किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। कोरोना वैक्सीन के स्टोरेज के लिए कोल्ड चेन पर काम चल रहा है।’
कोरोना संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में सरकार ने समय पर फैसले लिए और लोगों की मदद से काफी जान बची हैं। लॉकडाउन लगाने और फिर अनलॉक की प्रक्रिया में जाने की टाइमिंग पूरी तरह से सही थी।
प्रधानमंत्री ने कहा की अभी भी कोरोना वायरस का संकट बरकरार है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। त्योहार के दिनों में लोगों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए। ये मौका किसी भी तरह से ढील देने का नहीं है। सरकार एक स्वास्थ्य योजना के तहत कोरोना टीकाकरण का अभियान चला सकती है।
प्रधामंत्री मोदी ने कहा, ‘मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि कोरोना की वैक्सीन जब भी बनेगी, हर किसी का टीकाकरण किया जाएगा। किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। हां, इस टीकाकरण अभियान की शुरुआत में कोरोना के खतरे के सबसे नजदीक मौजूद लोगों को शामिल किया जाएगा। इसमें कोरोना से जंग लड़ रहे फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल होंगे।’
पीएम मोदी ने आगे कहा कि कोरोना वैक्सीन के लिए के वितरण और संचालन को लेकर एक राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह का गठन किया गया है। पीएम मोदी के इस आश्वासन कि हर देशवासी को वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे एक तरह से संकेत मिलता है कि जिस तरह से बिहार में भारतीय जनता पार्टी ने मुफ्त वैक्सीन का वादा किया है, देशवासियों को फ्री वैक्सीन मिल सकती है। हालांकि, फ्री वैक्सीन को लेकर ऐसा देशव्यापी ऐलान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि हमें यह समझना चाहिए कि वैक्सीन पर अब भी काम जारी है। वैक्सीन बनाने के लिए ट्रायल हो रहे हैं। विशषज्ञ अभी यह कह सकने की स्थिति में नहीं हैं कि कोरोना वैक्सीन कैसी होगी।
प्रति व्यक्ति के लिए कितने डोज होंगे या फिर समय-समय पर दिया जाने वाला होगा। यह सब जब एक्सपर्ट द्वारा तय कर लिया जाएगा, तो नागरिकों को वैक्सीन देने की प्रक्रिया में मदद मिलेगी।
बता दें कि भारत सरकार की ओर से अभी से ही वैक्सीन के वितरण प्रक्रिया पर काम चल रहा है। कोल्ड स्टोरेज से लेकर वैक्सीन के भंडारण और वितरण तक की योजना बन रही है और इसकी तैयारियां हो रही हैं।
माना जा रहा है कि अगले साल के शुरुआत में दुनिया को वैक्सीन मिल जाएगी। गौरतलब है कि बिहार चुनाव में अपने घोषणा-पत्र में भी भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के लोगों को फ्री में वैक्सीन देने का वादा किया है।एक अनुमान के अनुसार सरकार ने देशवासियों को वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए शुरुआती तौर पर 50 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा है।