आज रोशनी का त्योहार दिवाली है और पूरा देश इस पर्व को पुरे हर्ष और उल्लास के साथ मना रहा है। सुबह से ही लोगों की भीड़ मंदिरों में देखी जा रही है और लोग एक दूसरे को दिवाली की बधाई दे रहे है।
इस मौके पर मंदिरों से लेकर घरों तक को दीयों और लाइटों से सजाया गया है। वहीं, दीवाली के इस पावन मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने देश को बधाई दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिवाली की शुभकामना देते हुए लिखा दीवाली के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और विदेश में बसे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि खुशियों और प्रकाश का यह महापर्व, देश के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे।
कोविंद ने आगे लिखा यह पर्व हमें मानवता की सेवा की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है। आइए संकल्प करें कि जिस प्रकार एक जलता हुआ दीपक अनेक दीपकों को प्रज्ज्वलित कर सकता है, उसी प्रकार से हम समाज के निर्धन, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां बांटते हुए आशा एवं समृद्धि का दीप बनें।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा दीवाली स्वच्छता का भी उत्सव है इसलिए हम प्रदूषण से मुक्त, पर्यावरण के अनुकूल और स्वच्छ दीवाली मनाकर प्रकृति का भी सम्मान करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को दिवाली की बधाई देते हुए कहा, ‘सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक मंगलकामनाएं। सभी को शुभ दिवाली की बधाई! इस त्योहार को और अधिक उज्ज्वल और प्रसन्नता दें। सभी लोग समृद्ध और स्वस्थ रहें।’
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘दीपावली का यह पवित्र पर्व सभी देशवासियों के जीवन में सुख और समृद्धि लाए, सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं।’
अरविन्द केजरीवाल ने लोगों को दिवाली की बधाई देते हुए दिल्ली के लोगों से अपील करते हुए कहा, सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं, आप सभी पर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद सदा बना रहे। आज शाम 7 बजकर 39 मिनट पर दिल्ली के 2 करोड़ लोग मिलकर दिवाली पूजन और मंत्रोचारण करेंगे जिसका टीवी पर लाइव प्रसारण होगा। आइए हम सभी मिलकर दिल्ली की दिवाली का हिस्सा बनें।
आप को बता दें कि पिछले साल 27 अक्टूबर 2019 को मोदी ने राजौरी में जवानों के साथ दीवाली मनाई थी। पीएम सेना की वर्दी में जवानों के बीच पहुंचे, पहले शहीदों को नमन किया फिर जवानों को मिठाई खिलाकर दीवाली की खुशी बांटी। इसी तरह 2018 में पीएम मोदी ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सेना और ITBP के जवानों के बीच दीवाली मनाई थी।