नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दुर्गाष्टमी के दिन देश को एक नई योजना की सौगात दी, जो देश को एक नया गति देगा। आपको बता दें कि इस योजना का नाम‘गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान’ है। जिसकी शुरुआत आज पीएम मोदी ने की। इस योजना की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये नेशनल मास्टरप्लान 21वीं सदी के भारत को गतिशक्ति देगा।
हम अगले 25 वर्षों के लिए भारत की बुनियाद रच रहे हैं
पीएम मोदी ने कहा कि, ‘’आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हम अगले 25 वर्षों के लिए भारत की बुनियाद रच रहे हैं। पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान, भारत के इसी आत्मबल को, आत्मविश्वास को, आत्मनिर्भरता के संकल्प तक ले जाने वाला है। ये नेशनल मास्टरप्लान 21वीं सदी के भारत को गतिशक्ति देगा।’’ उन्होंने कहा कि, ‘’आज दुर्गाष्टमी है। पूरे देश में आज शक्ति स्वरूपा का पूजन हो रहा है। शक्ति की उपासना के इस पुण्य अवसर पर देश की प्रगति की गति को भी शक्ति देने का शुभ कार्य हो रहा है।’’
Delhi: PM Narendra Modi inaugurates PM GatiShakti-National Master Plan for multi-modal connectivity & new exhibition complexes of ITPO pic.twitter.com/bHDJ5xG9kx
— ANI (@ANI) October 13, 2021
पीएम मोदी ने दिया मंत्र
पीएम मोदी ने कहा कि, ‘’आज 21वीं सदी का भारत सरकारी व्यवस्थाओं की उस पुरानी सोच को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है। आज का मंत्र है, Will for progress, work for progress, wealth for progress, plan for progress, preference for progress।’’
पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि, ‘’हमारे देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का विषय ज्यादातर राजनीतिक दलों की प्राथमिकता से दूर रहा है। ये उनके घोषणा पत्र में भी नजर नहीं आता है। अब तो ये स्थिति आ गई है कि कुछ राजनीतिक दल देश के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर आलोचना करने में गर्व करते हैं। जबकि दुनिया में ये स्वीकृत बात है कि सतत विकास के लिए क्वालिटी इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण एक ऐसा रास्ता है, जो अनेक आर्थिक गतिविधियों को जन्म देता है और बहुत बड़े पैमाने पर रोजगार का निर्माण करता है।’’
क्या है गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान?
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान (PM Gati Shakti National Master Plan) रेल और सड़क सहित 16 मंत्रालयों को जोड़ने वाला एक डिजिटल मंच है। इसमें रेलवे, सड़क परिवहन, पोत, आईटी, टेक्सटाइल, पेट्रोलियम, ऊर्जा, उड्डयन जैसे मंत्रालय शामिल हैं। इन मंत्रालयों के जो प्रोजेक्ट चल रहे हैं या साल 2024-25 तक जिन योजनाओं को पूरा करना है, उन सबको गति शक्ति योजना के तहत डाल दिया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MEITY) के तहत भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग और भू-सूचना विज्ञान संस्थान (BISAG-N) ने गति शक्ति योजना की निगरानी के लिए प्लेटफार्म विकसित किया है।