1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. पीएम मोदी ने किया दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू में रक्षा कार्यालय परिसरों का उद्घाटन, कहा- जो काम 24 महीने में पूरा होना था…

पीएम मोदी ने किया दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू में रक्षा कार्यालय परिसरों का उद्घाटन, कहा- जो काम 24 महीने में पूरा होना था…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्य के बीच दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू में रक्षा कार्यालय परिसरों का उद्घाटन कर दिया है। साथ ही सेंट्रल विस्टा की नई वेबसाइट को भी लॉन्च किया।इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और सेनाध्यक्ष जनरल एम एम नरवणे भी मौजूद रहे।

By: Amit ranjan 
Updated:
पीएम मोदी ने किया दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू में रक्षा कार्यालय परिसरों का उद्घाटन, कहा- जो काम 24 महीने में पूरा होना था…

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्य के बीच दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू में रक्षा कार्यालय परिसरों का उद्घाटन कर दिया है। साथ ही सेंट्रल विस्टा की नई वेबसाइट को भी लॉन्च किया।इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और सेनाध्यक्ष जनरल एम एम नरवणे भी मौजूद रहे। नए ‘डिफेंस कॉम्पलेक्स’ में रक्षा मंत्रालय के करीब 7 हजार कर्मचारियों को शिफ्ट किया गया है।

इस मौके पर पीएम मोदी ने अधिकारियों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष में आज हम देश की राजधानी को नए भारत की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं के अनुसार विकसित करने की तरफ एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहे हैं। नया डिफेंस ऑफिस कॉम्प्लेक्स हमारी सेनाओं के काम काज को अधिक सुविधाजनक, अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों को और सशक्त करने वाला है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज जब भारत की सैन्य ताकत को हम हर लिहाज से आधुनिक बनाने में जुटे हैं, आधुनिक हथियार से लेस करने में जुटे हैं, सेना की जरूरत की खरीद तेज हो रही है, तब देश की रक्षा से जुड़ा कामकाज दशकों पुराने तरीके से हो, ये कैसे संभव हो सकता है?

उन्होंने कहा कि जो लोग सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के पीछे डंडा लेकर पड़े थे, वे इन प्रोजेक्ट पर बिल्कुल चुप रहते थे, जबकि ये भी सेंट्रल विस्टा का ही हिस्सा है। पीएम ने कहा कि 7,000 से अधिक सेना के अफसर  यहां काम करते हैं और अब उनके लिए नई व्यवस्था बनाई गई है।

राजधानी में आधुनिक डिफेंस एन्क्लेव के निर्माण की तरफ ये बड़ा कदम

पीएम मोदी ने कहा कि अब केजी मार्ग और अफ्रीका एवेन्यु में बने ये आधुनिक ऑफिस, राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़े हर काम को प्रभावी रूप से चलाने में बहुत मदद करेंगे। राजधानी में आधुनिक डिफेंस एन्क्लेव के निर्माण की तरफ ये बड़ा कदम है।

भारत की राजधानी ऐसी होनी चाहिए, जिसके केंद्र में लोक हो

उनहोंने आगे कहा कि जब हम राजधानी की बात करते हैं तो वो सिर्फ एक शहर नहीं होता। किसी भी देश की राजधानी उस देश की सोच, संकल्प, सामर्थ्य और संस्कृति का प्रतीक होती है। भारत तो लोकतंत्र की जननी है। इसलिए भारत की राजधानी ऐसी होनी चाहिए, जिसके केंद्र में लोक हो, जनता हो।

राजधानी की आकांक्षाओं के अनुरूप हो रहा काम

पीएम मोदी ने कहा कि राजधानी की आकांक्षाओं के अनुरूप दिल्ली में नए निर्माण पर बीते वर्षों में बहुत जोर दिया गया है। जनप्रतिनिधियों के आवास हों, अंबेडकर की स्मृतियों को सहेजने के प्रयास हों, अनेक नए भवन हों, इन पर लगातार काम किया है।

सिर्फ 12 महीने में पूरा किया गया प्रोजेक्ट

पीएम मोदी ने कहा कि डिफेंस ऑफिस कॉम्प्लेक्स का जो काम 24 महीने में पूरा होना था वो सिर्फ 12 महीने में पूरा किया गया है। वो भी तब जब कोरोना से बनी परिस्थितियों में लेबर से लेकर तमाम दूसरी चुनौतियां सामने थीं। कोरोना काल में सैकड़ों श्रमिकों को इस प्रोजेक्ट में रोजगार मिला है।

पुराने रक्षा परिसर थे जर्जर

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, पुराने रक्षा परिसर इतने जर्जर हो गए थे कि टूटने के कगार पर थे। अब 7,000 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी नए परिसर में अच्छी कार्यकारी परिस्थितियों में काम कर सकेंगे। ये परिसर 21वीं सदी की जरूरतों के हिसाब से बने हैं और यहां हर तरह की सुविधाएं भी हैं।’

सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के पहले चरण के तहत बनाई गईं दोनों दफ्तर की इमारतें 

बता दें कि दोनों दफ्तर की इमारतें सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के पहले चरण के तहत तैयार हुई हैं। इससे पहले रक्षा मंत्रालय का मुख्य दफ्तर साउथ ब्लॉक के पास था, जबकि बाकी दफ्तर इधर-उधर थे। लेकिन इन्हें अब इन दो इमारतों में समाहित कर दिया जाएगा। दोनों  ही इमारतें अब बनकर पूरी तरह तैयार हैं। अगले कुछ महीनों में कर्मचारी इनमें शिफ्ट हो जाएंगे।

दोनों बिल्डिंग पर कुल 775 करोड़ का खर्च आया

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, लुटियन जोन के अफ्रीका एवेन्यु में ये नई डिफेंस कॉम्पलेक्स बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। इसके अलावा इंडिया गेट के करीब केजी मार्ग पर भी रक्षा मंत्रालय के एक नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। इन दोनों बिल्डिंग में साउथ ब्लॉक के करीब नौसेना का आईएनएस इंडिया नेवल स्टेशन, आर्म्ड फोर्स मेडिकल सर्विस जैसे ऑफिस सहित सीएसडी कैंटीन भी शिफ्ट हो जाएगी। इन ऑफिस‌ के यहां से हटने के लिए सेंट्रल विस्टा के लिए करीब 7.5 लाख वर्ग मीटर कई जगह खाली हो जाएगा।

5 लाख वर्ग मीटर में किया गया तैयार

अफ्रीका एवेन्यु और केजी मार्ग पर तैयार दोनों बिल्डिंग पर कुल 775 करोड़ का खर्च आया है। अफ्रीका एवेन्यु बिल्डिंग कुल 5 लाख वर्ग मीटर में तैयार की गई है और इसमें पांच ब्लॉक हैं। जबकि केजी मार्ग बिल्डिंग 4.52 लाख वर्ग मीटर में फैला है और इसमें तीन ब्लॉक हैं। यहां कर्मचारियों के लिए कैंटीन, बैंक और एटीएम की सुविधा हैं। बिल्डिंग निर्माण में पेड़ों को नहीं काटा गया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...