नई दिल्ली : अफगानिस्तान में तालिबान की दुबारा हुकूमत से घबराए लोग किसी भी तरह अफगानिस्तान को छोड़कर दूसरे मुल्क में जाना चाहते है। इसे लेकर वो अपने जान की भी परवाह नहीं कर रहे। एक ऐसा ही दृश्य अफगानिस्तान के काबुल एयरपोर्ट पर देखने को मिला। अमेरिकी वायुसेना का सैन्य विमान जैसे ही टेकऑफ के लिए आगे बढ़ रहा था, लोगों का हुजूम रनवे पर विमान के साथ-साथ चल रहा था। विमान के उड़ान भरने से पहले कुछ लोग टायरों के ऊपर बनी जगह पर सवार हो गए।
विमान जब ऊंचाई पर पहुंच गया तो लोगों ने संतुलन खो दिया। तीन लोगों की आसमान से गिरने से मौत हो गई। बाद में उनके शव मकानों की छत पर मिले। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि 60 देशों ने तालिबान से गुहार लगाई है कि जो नागरिक अफगानिस्तान में नहीं रहना चाहते, उन्हें देश छोड़कर जाने दिया जाए।
Shocking!
In Kabul, three people have placed themselves in the tires of a military plane, after taking off, they fell from the sky. It was confirmed by the people on the ground. pic.twitter.com/Pknc2NQ9Qk— Tajuden Soroush (@TajudenSoroush) August 16, 2021
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो इस समय खूब वायरल हो रहा है। यह अमेरिका का सैन्य विमान सी 17 था। जानकारी के अनुसार ये लोग विमान के टायर के बीच खड़े होकर यात्रा करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, विमान जैसे ही हवा में पहुंचा ये लोग एक-एक कर नीचे गिर गए। अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है। काबुल में बिगड़ते हालात के बीच लूटमार और गोलियां चलने की घटनाएं भी हो रही हैं। एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी में अभी तक पांच लोगों को मारे जाने की और कई अन्य के घायल होने खबर है।
आपको बता दें कि रविवार को अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़कर चले गए। सूत्रों के मुताबिक, वे अपनी कोर टीम के साथ तजाकिस्तान में शरण ले चुके हैं।
काबुल में 130 भारतीय मौजूद हैं
तालिबान के कब्जे के बीच बताया जा रहा है कि 130 भारतीय काबुल में मौजूद हैं। इसमें भारतीय राजदूत और डिफेंस अताशे समेत कई अधिकारी शामिल हैं। केंद्र सरकार अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए लगातार अमेरिका से बातचीत कर रही है। जल्द से जल्द काबुल में मौजूद भारतीयों को वापस लाने की कोशिश हो रही है।
इटली ने काबुल से अपने कर्मियों को निकाला
इटली ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से अपने दूतावास के 70 कर्मियों और अफगान कर्मचारियों को बाहर निकाला है। इटली के कर्मचारियों को लेकर निकले विमान के सोमवार को रोम पहुंचने की संभावना है। काबुल अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन पर लिये गये एक वीडियो को इटली के रक्षा मंत्रालय ने जारी किया, जिसमें लोगों को अंधेरे में खड़े एक विमान पर सवार होने के लिए चलित सीढ़ियों पर चढ़ते देखा जा सकता है।
पाकिस्तान ने रोकी अफगानिस्तान के लिए उड़ानें
पाकिस्तान की सरकारी विमानन कंपनी ने कहा कि उसने अफगानिस्तान में ‘ अनिश्चित सुरक्षा स्थिति’ को देखते हुए काबुल के लिए सभी उड़ानें रोक दी है। कंपनी के प्रवक्ता अब्दुल्ला हफीज ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस ने अफगान नागरिक उड्डयन अधिकारियों से चर्चा करने के बाद यात्रियों, चालक दल और विमानों की सुरक्षा करने का फैसला किया।