1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पन्ना: वेयरहाउस निरीक्षण को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा नेता से जुड़े वेयरहाउस पर लगाए सवाल

पन्ना: वेयरहाउस निरीक्षण को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा नेता से जुड़े वेयरहाउस पर लगाए सवाल

पन्ना के मनगवां स्थित एक वेयरहाउस को लेकर कांग्रेस ने भाजपा नेता से जुड़े होने और कथित अतिक्रमण के आरोप लगाए हैं। प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद जांच टीम गठित कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

By: Nivedita 
Updated:
पन्ना: वेयरहाउस निरीक्षण को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा नेता से जुड़े वेयरहाउस पर लगाए सवाल

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में वेयरहाउसों के निरीक्षण और कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई केवल विपक्ष से जुड़े लोगों पर की जा रही है, जबकि भाजपा नेताओं से जुड़े वेयरहाउसों की जांच नहीं हो रही।

भाजपा नेता से जुड़े वेयरहाउस पर लगाए आरोप

कांग्रेस नेताओं ने मनगवां गांव स्थित रावतपुरा वेयरहाउस को लेकर आरोप लगाया कि यह वेयरहाउस भाजपा से जुड़े एक विधायक प्रतिनिधि का है। उनका दावा है कि वेयरहाउस परिसर में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर बाउंड्री वॉल और वृक्षारोपण किया गया है। कांग्रेस का कहना है कि यदि प्रदेशभर में वेयरहाउसों की जांच हो रही है तो सभी मामलों में समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।

तहसीलदार बोले- शिकायत पर जांच प्रक्रिया शुरू

इस मामले में तहसीलदार संतोष अरिहा ने बताया कि वेयरहाउस को लेकर कुछ दिन पहले शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद संबंधित पटवारी को मौके का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम भी गठित कर दी गई है, जो स्थल निरीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।

 

वेयरहाउस मालिक के नाम को लेकर भी चर्चा

वेयरहाउस परिसर में प्रदर्शित जानकारी के अनुसार, इसके मालिक हरिओम चौरसिया बताए गए हैं। बोर्ड पर उनके नाम के साथ विधायक प्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी होने का उल्लेख भी किया गया है। इसी आधार पर कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच और समान कार्रवाई की मांग उठाई है।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायतों में कितनी तथ्यात्मकता है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...