पन्ना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रीवा निवासी दो शातिर आरोपियों आशीष उर्फ लाले कुशवाहा और सुनील उर्फ ललवा को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और कटनी सहित कई जिलों में चोरी और चेन स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पन्ना पुलिस और साइबर सेल ने विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया और संदिग्धों की गतिविधियों की रूट मैपिंग की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को रीवा जिले के सेमरिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने पन्ना शहर के रमपुरा, पुरुषोत्तमपुर, डायमंड चौराहा और महाराजा कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई पांच बड़ी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अन्य वारदातों में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के आभूषण कम कीमत पर खरीदने वाले तीन सराफा व्यापारियों—प्रमोद सोनी, कपिल सोनी और अरविंद सोनी—को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये आरोपी चोरी का माल खरीदकर उसे आगे बेचने का काम करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 12,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त किए गए सामान के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच जारी है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।