नई दिल्ली : सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल करतारपुर साहिब यात्रा को लेकर पाकिस्तान ने हामी भर दी है। जो अगले महीने से शुरू होगी। हालांकि इस यात्रा को लेकर पाकिस्तान ने कुछ शर्त भी रखी है। आपको बता दें कि 22 सितंबर को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 482वीं पुण्यतिथि है। गुरु नानक देव की पुण्यतिथि के मौके पर 20 सितंबर से गुरुद्वारे में तीन दिवसीय अनुष्ठान होगा।
जानिए क्या है गाइडलाइंस
बता दें कि करतारपुर साहिब जाने के लिए पाकिस्तान की ओर से खास गाइडलाइंस जारी की गई हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है। वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके सिख श्रद्धालुओं को ही पाकिस्तान में एंट्री मिलेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वैक्सीन का सर्टिफिकेट साथ ले जाना अनिवार्य है। यही नहीं, बल्कि यात्रियों को पिछले 72 घंटों के भीतर हुई आरटी पीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट भी दिखानी होगी। इसके अलावा एयरपोर्ट पर रेपिड एंटीजेन जांच भी की जाएगी। अगर संक्रमण की पुष्टि हो जाती है तो यात्री को पाकिस्तान में एंट्री की अनुमति नहीं दी जाएगी।
करतारपुर दरबार साहिब में एक साथ अधिकतम 300 लोगों को एकत्र होने की अनुमति है। ज्यादा भीड़ एकत्र होने पर यात्रियों को बाहर लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। क्योंकि एक साथ अधिकतम 300 लोगों ही दरबार में एकत्र हो सकते हैं। आपको बता दें कि पाकिस्तान स्थित करतारपुर गुरुद्वारे को खोलने का निर्णय नेशनल कमांड एंड ऑपरेशन सेंटर (एनसीओसी) द्वारा लिया गया है।
बता दें कि नवंबर 2019 में गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर करतारपुर कॉरिडोर खोला गया था। इसके बाद कोरोना महामारी के प्रकोप के कारण मार्च 2020 में गलियारे के माध्यम से करतारपुर में भक्तों की आवाजाही को निलंबित कर दिया गया था।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,842 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 11,23,812 हो गए।