जेके सीमेंट पन्ना ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जेके ट्रस्ट’ के सहयोग से संचालित पशुधन विकास कार्यक्रम के माध्यम से पन्ना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। जिले के तीन विकासखंडों में संचालित 30 सेवा केंद्रों के माध्यम से अब तक 22,854 किसान एवं पशुपालक इस पहल से लाभान्वित हो चुके हैं।
कार्यक्रम के तहत पशुओं की उन्नत नस्ल विकसित करने के उद्देश्य से 29,338 कृत्रिम गर्भाधान (AI) किए गए, जिनमें 19,911 मामलों में गर्भधारण की पुष्टि हुई। इस पहल के परिणामस्वरूप 8,150 उन्नत नस्ल के बछड़ों का जन्म हुआ। इसके अतिरिक्त 1,516 पशुओं का बधियाकरण भी किया गया।
पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अभियान के दौरान 1,68,690 परजीवी नियंत्रण (Deticking), 64,140 डीवॉर्मिंग, 26,524 प्राथमिक उपचार, 26,268 टीकाकरण तथा 12,268 बांझपन निवारण उपचार किए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 575 विशाल पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
दुग्ध उत्पादन और पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए 6,934 पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण चारा बीज एवं पशु आहार उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा 510 यूनिट/किलोग्राम मिनरल मिक्स्चर का वितरण भी किया गया, जिससे पशुओं के पोषण स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया।

पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देने के लिए 4,310 जागरूकता एवं प्रसार कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, 240 प्रगतिशील पशुपालकों के लिए चार अध्ययन यात्राओं (Exposure Visits) का आयोजन कर उन्हें सफल मॉडल से परिचित कराया गया।
जेके सीमेंट और जेके ट्रस्ट की इस संयुक्त पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पादन और किसानों की आय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। स्थानीय स्तर पर इस कार्यक्रम को ग्रामीण आजीविका सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इसी क्रम में मुंबई स्थित एक अस्पताल में जेके सीमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. राघवपत सिंघानिया ने पवई विधायक प्रहलाद लोधी से शिष्टाचार भेंट कर उनका हालचाल जाना। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई।