योगी सरकार पर हमाल बोलते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को ट्वीट करके उन्नाव में बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि, यूपी की भाजपा सरकार में बच्चों के साथ अपराध की सबसे ज्यादा घटनाएं घटी हैं।
प्रियंका गांधी ने सवाल करते हुए कहा कि, क्या सरकार पर इन घटनाओं का कोई असर नहीं पड़ता? नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ और इलाज के दौरान वो नहीं रही। आखिर कब तक ऐसे चलेगा।
बताते चलें कि, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में नौ साल की मासूम बच्ची को दरिंदे ने हवस का शिकार बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने मासूम का गला दबा दिया। पीड़िता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना उन्नाव जिले के बिहार थाना इलाके के एक गांव की है। यहां कक्षा पांच में पढ़ने वाली नौ साल की बच्ची से मंगलवार शाम अज्ञात व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपी ने उसका गला दबा दिया।
बच्ची के बेहोश हो जाने पर आरोपी ने उसे गांव के बाहर सुनसान जगह पर फेंककर फरार हो गया। ग्रामीणों ने मासूम को बेहोश की हालत में पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को पाटन पीएससी पहुंचाया।