रिपोर्ट: सत्यम दुबे
जौनपुर: देश में कोरोना के दूसरे लहर का कहर लगातार जारी है, महामारी से संक्रमित होकर लोगो के जान गंवाने का ऑकड़ा भी दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। महामारी ने हाहाकार मचा दिया है, हालात तो ये हैं कि रोज दिन की शुरुआत होते ही कोरोना से हुई मौत के ऑकड़ो के बताने के साथ करनी पड़ रही है। जौनपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आपके होश उड़ जायेंगे। शुक्रवार को शादी के ही दिन दुल्हन की मौत से कोहराम मच गया।

आपको बता दें कि दुल्हन की ड्यूटी कुछ दिन पहले पंचायत चुनाव में लगी थी। ड्यूटी के दौरान ही संक्रमित होने से उसकी तबीयत खराब हो गई थी। जिले के मुंगराबादशाहपुर नगर के मोहल्ला गुड़हाई निवासी संतोष मोदनवाल की बेटी ज्योति मोदनवाल की शादी 30 अपैल को होनी थी। ज्योति प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका थी। उनकी तैनाती मेरठ जिले में हुई थी। वहां पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उनकी डयूटी लगायी गयी थी। ड्यूटी के दौरान वह संक्रमित हो गई।
चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। मेरठ में ही जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 28 अप्रैल को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पॉजिटिव होने की खबर घर वालों को लगी तो परिवार में कोहराम मच गया। शादी की तैयारी में लगे लोग मेरठ भागे। वहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। संक्रमित होने के कारण उसकी लाश भी परिजनों को नहीं मिली।
आपको बता दें कि ज्योति दो बहनों में बड़ी थी। उससे बड़ा एक बड़ा भाई है। ज्योति पर परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। ज्योति की शादी रीवां निवासी एक अध्यापक के साथ तय हुई थी। परिजनों को मलाल इस बात का है कि मौत के बाद भी उसका मुंह तक नहीं देख सके।