बांका। सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर अमरपुर क्षेत्र पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। सुबह से ही प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बाबा ज्येष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर सहित पनियानाथ, घनेश्वरनाथ, जगतेश्वरनाथ, भूमफोड़नाथ और मेढ़ियानाथ मंदिरों में भक्तों ने पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
उत्तरवाहिनी गंगा सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे करीब 10 हजार कांवरियों ने बाबा ज्येष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। कांवरियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से माहौल गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान शिव के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
सावन मेले और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने विशेष तैयारियां की थीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार निगरानी रखी गई। अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा, थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे, स्टील बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई थी। इन इंतजामों के चलते हजारों श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में भगवान शिव का जलाभिषेक और दर्शन किया।
सावन की पहली सोमवारी पर अमरपुर में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा दृश्य देखने को मिला। कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया।