सासाराम। सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर कैमूर पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित गुप्तेश्वर महादेव के प्राकृतिक शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। सुबह तक करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान शिव का अभिषेक कर चुके थे।
गुप्ता धाम में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे से ही भक्त कतारों में लगना शुरू हो गए थे। सुबह होते-होते मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र शिवभक्तों से भर गया।
कैमूर पहाड़ी की गुफा में स्थित गुप्तेश्वर महादेव का प्राकृतिक शिवलिंग श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां पहुंचने के लिए कठिन पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। इसके बावजूद सावन के महीने में हजारों की संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

मोबाइल नेटवर्क और संचार सुविधाओं से दूर है गुप्ता धाम
गुप्ता धाम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति काफी दुर्गम है। पहाड़ी और गुफा क्षेत्र होने के कारण यहां मोबाइल नेटवर्क समेत अन्य संचार सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था उन्हें इस स्थान तक खींच लाती है।
सावन की पहली सोमवारी को देखते हुए प्रशासन ने भी विशेष तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर इंतजाम किए गए हैं। अनुमान जताया जा रहा है कि दिन खत्म होने तक करीब दो लाख से अधिक भक्त गुप्तेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर सकते हैं।
गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। चारों ओर हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। सावन की पहली सोमवारी पर गुप्ता धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।