गुना में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी के शहादत दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक जैवर्धन सिंह के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। नेताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में कंप्यूटर और सूचना क्रांति की शुरुआत कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। पंचायती राज व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और विकास योजनाओं में उनके योगदान को भी याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने एकजुट होकर पार्टी के लिए समर्पण के साथ काम करने की बात कही।