महाराष्ट्र की राजनीति आने वाले दिनों में गरमाने वाली है। ऐसा अनुमान इसलिए जताया जा रहा है क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिवसेना सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पूछताछ के लिए तलब कर लिया है। आने वाले दिनों में महाराष्ट्र के सियासी दंगल की एक झलक खुद संजय राउत ने ही दिखा दी है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को समन भेजकर 29 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। ये नोटिस पीएमसी बैंक घोटाले मामले की जांच से जुड़ा हुआ है। एनसीपी ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। इस बीच संजय राउत ने ट्वीट किया है।
पीएमसी बैंक घोटाले में पत्नी वर्षा राउत को ईडी का समन मिलने के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने हिंदी फिल्म के एक गाने की लाइन्स ट्वीट कर जवाब दिया है। अपने ट्वीट में संजय राउत ने लिखा, “आ देखें जरा किसमें कितना है दम, जमके रखना कदम मेरे साथिया।”
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) December 27, 2020
उनके इस ट्वीट को ईडी के समन से जोड़कर देखा जा रहा है। संजय राउत लगातार बीजेपी पर निशाना साधते साधते रहे हैं। इन दिनों नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन का भी उन्होंने समर्थन किया और केंद्र के फैसले पर सवाल खड़ा किया।
आधिकारिक सूत्रों ने दावा किया कि ईडी वर्षा राउत से उस राशि की ‘रसीद’ के बारे में पूछताछ करना चाहता है जिसका कथित तौर पर बैंक से गबन किया गया था। ईडी ने पिछले साल अक्टूबर में पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव (पीएमसी) बैंक में कथित ऋण धोखाधड़ी की जांच के लिए हाउसिंग डेवलपमेंट इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एचडीआईएल), उसके प्रमोटर राकेश कुमार वधावन और उनके बेटे सारंग वधावन, उसके पूर्व अध्यक्ष वी. सिंह और पूर्व प्रबंध निदेशक जॉय थॉमस के खिलाफ पीएमएलए के एक मामला दर्ज किया था।
एजेंसी ने पीएमसी बैंक को कथित रूप से ‘‘प्रथम दृष्टया गलत तरीके से 4,355 करोड़ रुपये का नुकसान और खुद को लाभ’’ पहुंचाने के लिए उनके खिलाफ मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की तरफ स दर्ज प्राथमिकी पर संज्ञान लिया था।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महागठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की हिस्सा शिवसेना ने पहले आरोप लगाया था कि केंद्रीय जांच एजेंसियां उन्हें गलत तरीके से निशाना बना रही हैं।
हाल ही में शरद पवार की पार्टी एनसीपी में शामिल हुए बीजेपी के पूर्व नेता एकनाथ खडसे को भी ईडी ने पुणे के भोसरी इलाके में एक भूमि सौदे से जुड़े धनशोधन मामले के संबंध में 30 दिसंबर को पूछताछ के लिए तलब किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों पहले ईडी ने संजय राउत के करीबी प्रवीण राउत को गिरफ्तार किया था। प्रवीण राउत की पत्नी के खाते से वर्षा राउत के अकाउंट में कुछ ट्रांजेक्शन हुए। ईडी इसी ट्रांजेक्शन में बारे में जानकारी चाहती है। आरोप है की संजय राउत की पत्नी के अकाउंट में 55 लाख रुपये प्रवीण राउत की पत्नी के अकाउंट से आए थे।
उधर, एनसीपी ने संजय राउत के समर्थन में उतर गई है। एनसीपी के सीनियर नेता नवाब मलिक ने कहा कि ये कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं को डराने के लिए ईडी का नोटिस भेजा जाता है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के कई नेताओं को नोटिस भेजा गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते भय फैलाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल हो रहा है।