गोरखपुर के बेनीगंज स्थित भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय के विचार को याद किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर भी निशाना साधा। स्वतंत्र देव सिंह ने यह भी कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान मिले, भरपेट भोजन मिले, सिर पर छत हो और उसे मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध मिले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने गरीबों तक बिजली, गैस कनेक्शन, पक्का मकान, आयुष्मान कार्ड, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं पहुंचाई हैं।
भाजपा नेताओं ने स्वच्छता अभियान और जनभागीदारी का भी उल्लेख किया। गोरखपुर क्षेत्र में जापानी इंसेफेलाइटिस के नियंत्रण को स्वच्छता और जनसहयोग से जोड़ते हुए कहा गया कि सरकार के साथ जनता के जुड़ने से बड़े बदलाव संभव हुए हैं। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने यह भी कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों को विकास के साथ राष्ट्रवाद और आंतरिक सुरक्षा से भी जोड़ा गया। स्वतंत्र देव ने दावा किया कि नक्सलवाद और माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और आतंकवाद के खिलाफ भी सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा गया कि प्रदेश दंगों से मुक्त हुआ है और कानून का राज स्थापित हुआ है। वनटांगिया, थारू और मुसहर जैसे समुदायों के लिए आवास और गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकार में कानून-व्यवस्था खराब थी और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल था। दावा किया गया कि आज प्रदेश में लोग बिना भय के दिन और रात अपने काम कर सकते हैं। कांग्रेस पर भी स्वतंत्र देव ने तीखा हमला बोला। रामसेतु, राम मंदिर, शंकराचार्य और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कांग्रेस की पिछली सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए गए। साथी उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने सनातन, हिंदुत्व और राष्ट्रवाद का हमेशा अपमान किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान बढ़ा है।
भाजपा के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सत्ता उनके लिए सेवा का माध्यम है और गरीबों के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। विपक्ष की बयानबाजी पर ध्यान देने के बजाय सरकार राष्ट्रहित और गरीब कल्याण से जुड़े फैसले ले रही है। चुनाव में धांधली के विपक्षी आरोपों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया कि यदि चुनाव निष्पक्ष नहीं होते तो विपक्षी दलों के नेता और उम्मीदवार चुनाव जीतकर संसद तक नहीं पहुंच पाते। बीजेपी के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिह ने कहा की जो भी निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी लेंगे, वह राष्ट्रहित और गरीबों के हित में होगा।