नई दिल्ली: एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स वाली कॉस्मैटिक्स और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स की ऑनलाइन रिटेलर कंपनी नायका 28 अक्टूबर को अपना तीन दिन का आईपीओ लॉन्च करेगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी इसके जरिए 5,200 करोड़ रुपये की राशि जुटाएगी।
27 अक्टूबर को 2,340 करोड़ रुपये तक की एंकर प्लेस्मेंट खुलेगी और आईपीओ सोमवार, 1 नवंबर को बंद होगा। 5,200 करोड़ रुपये के नायका आईपीओ में 630 करोड़ रुपये के शेयर का प्राइमेरी इश्यू और एक ऑफर फॉर सेल शामिल है, जिसमें मौजूदा शेयरधारक 43.11 मिलियन तक के शेयरों को ऑफलोड करेंगे। यह जानकारी सेबी द्वारा मंजूर कंपनी के ड्राफ्ट रेड हीरिंग प्रोस्पेक्टस के मुताबिक है।
जिन निवेशकों के हिस्सेदारी बेचने की उम्मीद है, उनमें टीजपी, लाइट हाउस इंडिया फंड, जेएम फाइनेंशियल, योगेश एजंसीज, सुनील कांत मुंजल, हरिंदरपाल सिंह बांगा, नरोतम शेखसरिया और माला गांवकर शामिल हैं। प्रमोटर संजय नायर फैमिली ट्रस्ट 4.8 मिलियन शेयरों को बेचेगा। फाउंडर फाल्गुनी नायर और उनके परिवार का आईपीओ के बाद भी मालिकाना हक रहेगा। वर्तमान में, उनकी नायका की पेरेंट कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स में 53 फीसदी से ज्यादा की हिस्सेदारी है।
प्राइस बैंड को अगले हफ्ते तय किया जाएगा
नायका के आईपीओ से जुड़ी डिटेल्स को जानने वाले दूसरे व्यक्ति ने बताया कि कंपनी आईपीओ में करीब 7.4 अरब डॉलर के वैल्युएशन को जुटाना चाहती है. इस व्यक्ति के मुताबिक, प्राइस बैंड को अगले हफ्ते की शुरुआत तक तय किया जाएगा। कोटक महिंद्रा कैपिटल, बीओएफए सिक्योरिटीज, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, सिटीबैंक, मॉर्गन स्टैनली और जेएम फाइनेंशियल इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर्स हैं।
नायका भारत में कुछ थोड़े मुनाफे वाले ईटेलर्स में से एक है। कंपनी को 31 मार्च को खत्म होने वाली तिमाही में 61.96 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था. इससे एक साल पहले की अवधि में कंपनी को 16.34 करोड़ रुपये का घाटा झेलना पड़ा था। वित्त वर्ष 2021 में रेवेन्यू सालाना आधार पर 38 फीसदी बढ़कर 2,453 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी ने इससे पहले कहा था कि वह आईपीओ से मिलने वाली 130 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल अपने कर्ज का पुनर्भुगतान करने में करेगी। और इससे मिलने वाले 200 करोड़ रुपये के ब्रांड्स को मार्केट करेगी।