सीहोर जिले के भैरूंदा नगर में एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस द्वारा नीट एवं सीबीएसई पेपर लीक मामलों के विरोध में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। इस प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ नाराजगी जताई।
इस मशाल जुलूस में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, जिला अध्यक्ष सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
जुलूस की शुरुआत मोती विहार कॉलोनी से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दुर्गा मंदिर स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचा। यहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम का समापन किया।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक घटनाएं युवाओं के भविष्य पर गंभीर असर डाल रही हैं। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई करने और दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की।