मंदसौर में मंगलवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने पीजी कॉलेज के एक कर्मचारी के साथ कथित मारपीट के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। मामला कॉलेज प्राचार्य द्वारा कर्मचारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना के विरोध में NSUI पदाधिकारी और कार्यकर्ता वायडी नगर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्का जाम कर विरोध दर्ज कराया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
एनएसयूआई नेताओं का आरोप है कि कॉलेज प्राचार्य ने कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। घटना के बाद कॉलेज कर्मचारियों और छात्रों में नाराजगी का माहौल बन गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया।
एनएसयूआई नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।