नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन एनएमआरसी ने मंगलवार को अपने एक मेट्रो स्टेशन का नाम आधिकारिक तौर पर बदल दिया है। अब नोएडा 50 मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘प्राइड स्टेशन’ कर दिया गया है।
जो ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित है। यह उत्तर भारत का इस तरह का पहला मेट्रो स्टेशन है। खास बात ये है कि यहां का संचालन भी ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग ही करेंगे।
गौतम बौद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा, नोएडा के विधायक पंकज सिंह और एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने स्टेशन के नए नाम का अनावरण किया है, जिसे पहले सेक्टर 50 स्टेशन के रूप में जाना जाता था।
मेट्रो स्टेशन पर सेवाओं के लिए एनएमआरसी द्वारा भर्ती किए गए ट्रांसजेंडर समुदाय के छह सदस्य स्टेशन पर मौजूद रहे।
इस दौरान एनएमआरसी की कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस की डिप्टी जनरल मैनेजर संध्या शर्मा ने कहा, इन सदस्यों को तैनाती से पहले एनएमआरसी द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
पश्चिमी यूपी में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो का संचालन करने वाले एनएमआरसी ने कहा कि ये उत्तर भारत में मेट्रो नेटवर्क द्वारा शुरू की गई इस तरह की पहली पहल है।