नई दिल्ली : देश में कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण को लेकर पीएम मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के बाद, राज्यों के अधिकारियों के साथ भी बैठक की और इस महामारी से निपटने के लिए कई आवश्यक संदेश और मंत्र दिये। जिसमें उन्होंने शहरों के साथ ही गांवों में भी फैल रहें संक्रमण को लेकर लोगों को जागरूक करने और अधिकारियों को फ्रंट वर्कर के तौर पर काम करने को कहा। पीएम मोदी के इसी संदेशों के बाद उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नियुक्त कोविड की नोडल अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने मंगलवार को ऊपरकोट के मोहल्ला टंटान स्थित ज़ियाउल इस्लाम स्कूल में कोविड निगरानी समिति के सदस्यों के साथ एक बैठक की। जिसमें उन्होंने समिति सदस्यों से उनके वार्डो में कोविड के बढ़ते संक्रमण का हाल चाल जान कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश शासन ने समस्त जनपदों में कोविड के हालातों पर नज़र रखने के लिए नोडल अफसरों की नियुक्ति की है। यह अफसरान अपने-अपने जनपदों में कोविड संक्रमण से होने वाले हर नतीज़ों पर पैनी नज़र गड़ाये हुए हैं। इसके लिए नगर में अलग अलग वार्ड मेम्बरों पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है। मंगलवार को हुई इस बैठक में वार्ड नं 20,30 व वार्ड 37 के सभासदों सहित राशन विक्रेता, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएमएम सहित अन्य लोगो की उपस्थिति रही।
बता दें कि इस बैठक के दौरान नोडल अफसर ऋतु माहेश्वरी ने वार्ड मेम्बरों से उनके क्षेत्र में फैले कोविड संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभाव का हाल व कोविड संक्रमित होम क्वारंटाइन व अस्पतालों में भर्ती मरीज़ों को आवश्यक उपचार दिए जाने के संबंध में हाल जाना। साथ ही ईओ नगरपालिका से नगर में शमशान घाटों व क़ब्रिस्तान की स्थिति का भी हाल जाना। इसके अलावा उन्होंने नगर क्षेत्र में बहने वाली काली नदी के किनारे श्मशान घाटों पर पहरे की व्यवस्था कराने की बात कही, ताकि लोग कोरोना संक्रमित शवों को नदी में प्रवाहित ना करें। उन्होंने नगर मोहल्ला सरायधारी स्थित वाटर वर्क्स पर पड़ने वाले कूड़े के ढेर पर भी अपनी नाराजगी जताई तथा साफ सफाई व सेनेटाइज़ेशन की व्यवस्था को और दुरुस्त करने को कहा। साथ ही उन्होंने सीएचसी व पीएचसी सहित होम क्वारंटाइन हुए कोरोना संक्रमित मरीज़ों को ऑक्सीजन व दवाइयों की आपूर्ति बनाये रखने के लिए सीएमओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
आपको बता दें कि इस बैठक में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, सीएमओ भवतोष शंखधर और अन्य कई अधिकारी शामिल रहें।