मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया उपचुनाव के बाद सोशल मीडिया पर उनके और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के संबंधों को लेकर फैलाए जा रहे दावों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच किसी प्रकार का मतभेद या कटुता नहीं है।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आशुतोष तिवारी उनके छोटे भाई समान हैं और दोनों के बीच करीब 25 वर्षों से पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता सम्मान, स्नेह और आत्मीयता पर आधारित है तथा भविष्य में भी इसी तरह बना रहेगा।
पूर्व मंत्री ने आशुतोष तिवारी को भारतीय जनता पार्टी का समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों से उनकी कार्यशैली को करीब से देखा है। उनके अनुसार आशुतोष तिवारी संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की क्षमता रखते हैं।

नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसा कोई बयान, टिप्पणी या व्यवहार न करें जिससे पार्टी, संगठन या किसी कार्यकर्ता की छवि प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता, अनुशासन और संगठनात्मक संस्कार हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति में परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन पारिवारिक रिश्ते, संस्कार और आपसी सम्मान हमेशा कायम रहते हैं। उन्होंने दोहराया कि उनके और आशुतोष तिवारी के संबंध पहले की तरह मजबूत हैं और आगे भी बने रहेंगे।