1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सांसद रवि किशन ने शुरू किया पल्स पोलियो अभियान, 2027 चुनाव और विपक्ष के आरोपों पर भी बोले

सांसद रवि किशन ने शुरू किया पल्स पोलियो अभियान, 2027 चुनाव और विपक्ष के आरोपों पर भी बोले

गोरखपुर के जिला महिला अस्पताल में सांसद रवि किशन ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया और अभिभावकों से बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने आरएनआई न्यूज़ से बातचीत में महंगाई, बेरोज़गारी, पेपर लीक और 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

By: BS Yadav 
Updated:
सांसद रवि किशन ने शुरू किया पल्स पोलियो अभियान, 2027 चुनाव और विपक्ष के आरोपों पर भी बोले

गोरखपुर के जिला महिला अस्पताल में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ सांसद रवि किशन ने किया। इस दौरान उन्होंने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।अभियान के शुभारंभ अवसर पर रवि किशन ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक दिलाना अभिभावकों की जिम्मेदारी है। सांसद ने यह भी कहा कि आज इस अभियान में सभी समुदायों के बच्चों ने भाग लिया, जो देश की एकता, जागरूकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

कार्यक्रम के बाद आरएनआई न्यूज़ से विशेष बातचीत में रवि किशन ने महंगाई, बेरोज़गारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा विपक्ष के आरोप निराधार हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद रवि किशन ने दावा किया कि प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों के साथ है तथा आने वाले चुनाव में भी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।

वहीं सांसद ने पुलिस एनकाउंटर को लेकर कहा कि चुनाव नजदीक हैं और जनता सब कुछ जानती है। उनके अनुसार जिन लोगों का एनकाउंटर हुआ, वे ऐसे अपराधी थे जो पुलिस और आम जनता के लिए खतरा बने हुए थे। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई उन्हीं लोगों पर हुई जो समाज में भय का माहौल बनाते थे, जमीनों पर अवैध कब्जा करते थे और गरीबों तथा पिछड़े वर्ग के लोगों पर अत्याचार करते थे। सांसद ने कहा कि सामान्य या निर्दोष लोगों पर नहीं, बल्कि कानून के दायरे में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...