रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
दिल्ली : राजधानी दिल्ली में तांत्रिक ने संतान प्राप्ति की पूजा के बहाने युवती के साथ दुष्कर्म किया । आरोपी तांत्रिक ने अंधविश्वास का फायदा उठाकर महिला के साथ दरिंदगी की । महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है । साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी हो गयी है । पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है ।
जानकारी के मुताबिक, शादी के पांच साल बाद भी जब कोई संतान नहीं हुई, तो एक दिन पीड़ित महिला की मुलाकात तांत्रिक पूरन सिंह से हुई । जिस दौरान तांत्रिक ने घर में पूजा कराने के बाद संतान प्राप्ति का योग बताया था । जिसके चलते महिला ने शनिवार को तांत्रिक को पूजा करने के लिए अपने घर बुलाया था । पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को खिला दिया और बेहोश होने पर आरोपी ने महिला से दुष्कर्म किया । जब पीड़िता को होश आया तो उसने घटना की जानकारी थाना पहुंचकर पुलिस को दी ।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत मिलने पर महिला का मेडिकल कराया । मामले की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है । साथ ही पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को भी गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस आरोपी के चंगुल में कई महिलाओं के फंसे होने की आशंका जता रही हैं । जिसके चलते पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है ।