1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सैनिक स्कूल की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात

सैनिक स्कूल की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात

जेन्द्र प्रताप ने जोर देते हुए कहा कि यदि पन्ना जिले में सैनिक स्कूल स्थापित किया जाता है, तो यह न केवल पन्ना बल्कि छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के छात्रों के लिए एक बड़ा शैक्षणिक केंद्र बन सकता है।

By: Naredra 
Updated:
सैनिक स्कूल की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात

पन्नाः बुंदेलखंड क्षेत्र के युवाओं के भविष्य और सैन्य शिक्षा को लेकर पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने नई दिल्ली में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से विस्तृत मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पन्ना जिले में सैनिक स्कूल की स्थापना को लेकर औपचारिक प्रस्ताव सौंपा।

मुलाकात के दौरान विधायक ने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि पन्ना जिला बुंदेलखंड का केंद्रीय क्षेत्र है, जिसकी सीमाएं छतरपुर, दमोह और टीकमगढ़ जैसे महत्वपूर्ण जिलों से जुड़ी हुई हैं। इसके बावजूद पूरे क्षेत्र में सैन्य शिक्षा के पर्याप्त संस्थान नहीं हैं, जिससे यहां के प्रतिभाशाली छात्र अवसरों से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में रीवा में एकमात्र सैनिक स्कूल संचालित है, लेकिन पन्ना और आसपास के जिलों से इसकी दूरी अधिक होने के कारण सामान्य एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों के लिए वहां पहुंच पाना कठिन होता है। इस कारण बुंदेलखंड के अनेक युवाओं का सेना में जाने का सपना अधूरा रह जाता है।

बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जोर देते हुए कहा कि यदि पन्ना जिले में सैनिक स्कूल स्थापित किया जाता है, तो यह न केवल पन्ना बल्कि छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के छात्रों के लिए एक बड़ा शैक्षणिक केंद्र बन सकता है।

मुलाकात के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संतुलन और युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। यह मुलाकात पन्ना जिले के लिए एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है, तो आने वाले समय में बुंदेलखंड के हजारों छात्रों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...