भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और मंत्री लखन पटेल ने विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और जनहित के मुद्दे मंत्रियों के सामने रखे। मंत्रियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया गया।
मंत्रीद्वय ने बताया कि जिन प्रकरणों में विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

विश्वास सारंग और लखन पटेल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा। सरकार का उद्देश्य जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
मंत्रियों ने कहा कि कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से मिलने वाली समस्याओं से जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है, इसलिए प्रत्येक शिकायत और सुझाव को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।