मेरठ: शातिर बदमाशों के खिलाफ अभियान में जुटी जिले की पुलिस को देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने शातिर बदमाश चुहिया को पैर में गोली मारकर दबोचा है। हालांकि इस दौरान चुहिया का एक साथी मौके से फरार हो गया।
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि देर रात चेकिंग के दौरान बच्चा पार्क पर ग्लैमर बाइक सवार दो बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया।
जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में दूसरा बदमाश घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ के दौरान घायल बदमाश ने अपना नाम देहली गेट निवासी नदीम कुरैशी उर्फ चुहिया बताया है।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक पकड़े गए बदमाश के खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग 17 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के पास से चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए है।