मेरठ के कचहरी परिसर में आज वाहन चोर की जमकर पिटाई हुई। अहम बात यह है कि पुलिस के सामने ही बाइक मालिक ने आरोपी चोर को जमकर पीटा। इतना ही नहीं पुलिस ने भी चोर के आतंक से परेशान होकर उसकी पिटाई कर दी।
मामला मेरठ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कचहरी परिसर का है। जहां दिन निकलते ही वाहन चोरी के फिराक में घूम रहा एक चोर पब्लिक के हत्थे चढ़ गया।
दरअसल जैसे ही अजीम नाम के आरोपी ने मोटरसाइकिल चलाने की कोशिश की तभी मोटरसाइकिल मालिक ने उसे देख लिया और मौके पर रंगे हाथ पकड़ लिया।
जिसके बाद वाहन मालिक ने उसे पीटना शुरू कर दिया। वहीं चोर ने भी वाहन मालिक को पीटने की कोशिश की। लेकिन उसकी एक न चली इतने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आक्रोशित वाहन स्वामी ने पुलिस के सामने ही चोर को पीटा। बीच-बचाव के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। वहीं चौकी ले जाते समय पुलिस ने भी आरोपी चोर पर जमकर हाथ साफ किया।
आपको बता दें कि मेरठ वाहन चोरी का गढ़ बन चुका है। मेरठ का सोतीगंज इलाका पहले ही चोरी के वाहन खपाने के लिए कुख्यात है। हालांकि योगी सरकार में वाहन चोरी के मामले में कमी जरूर आई है।