मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र के महरौली गांव में ईंख के खेत में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह महिला का शव देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। शव गांव की ही एक महिला का है, जिसका नाम नसरीन बताया जा रहा है। मृतक महिला के पति शमशाद बढ़ई का काम करता है। बताया गया है कि महिला का पति कई दिनों से बाहर गया हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, शमशाद महरौली गांव अपनी पत्नी नसरीन और परिजनों के साथ रहता है और बढ़ई का काम करता है। शमशाद कई दिन से गांव में नहीं है। वह बाहर गया हुआ है। आज सुबह ग्रामीण जब पशुओं के लिए चारा लेने खेत में लेने गए तो वहां पर एक महिला का शव देखकर उनकी चींख निकल गई।
इसकी खबर गांव में लगते ही ग्रामीणों का हुजूम खेत की ओर उमड़ पड़ा। सूचना थाना पुलिस को दी गई। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त शमशाद की पत्नी नसरीन के रूप में की। जिस घर में नसरीन रह रही थी उसी घर में रहने वाले दीनू ने बताया कि वो लोग 9:30 बजे रात में खाना खाकर लेट गए थे।
नसरीन भी खाना खाकर सोने चली गई थी। रात में कब खेत में पहुंची और क्या हुआ यह उनकी जानकारी में नहीं है। सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला।
शव अर्धनग्न अवस्था में था। पास में उसके निकले हुए कपड़े पड़े थे। महिला के कपड़ों पर खून के निशान भी थे। मृतका के परिजनों ने हत्या की आंशका जाहिर की है। वहीं एसएसपी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।