रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार अपराध पर लगाम लगाने की जितनी कोशिश कर रही है, वह सब नाकाम होती दिख रही है। अपराध का आलम ये है कि शुक्रवार को प्रयागराज में एक व्यक्ति को बदमाशो ने दिन दहाड़े गोली मार दी। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बदमाशों ने जिस व्यक्ति को गोली मारी है। उसका नाम दिनेश मौर्या है। मऊआइमा के रहने वाले दिनेश संविदाकर्मी और पत्रकार के भाई हैं। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह छह बजे बस से उतर कर घर जा रहे थे,उसी समय मऊआइमा थाने के निकट छपाही बाग के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बदनाशों ने दिनेश के सर गोली मारी है। गोली सर में लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो कर सडक़ पर ही गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। पुलिस दिनेश को सीएचसी ले गई। वहां हालत नाजुक देख शहर के एसआरएन हॉस्पिटल रेफर किया गया।
दिनेश को किस कारण से गोली मारी गई है, इस बात की पुष्टी अभीतक नहीं हो पाई है। प्रथमदृष्टता बताया जा रहा है कि गांव में एक पुराने मंदिर को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। वहीं मऊआइमा में अयोध्या मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्रीय कार्यालय खोलकर चंदा एकत्र करने में सक्रिय भूमिका निभाने पर कुछ लोगों द्वारा खुन्नस की बात भी सामने आ रही है।
लेकिन इस प्रकरण में अभी कोई पुलिस अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों का पता लगाया जा रहा है।
सूचना पाकर दिनेश के घरवाले भी घटनास्थल पर आ गए और पुलिस को जानकारी दी। चौकी प्रभारी अपनी कार लेकर पहुंचे और उससे दिनेश को लेकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले आए। यहां दिनेश की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दिनेश उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का करीबी है।