भोपाल। सागर जहरीली शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की तड़के सूचना मिली थी कि शराब कांड का आरोपी शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस पर तीन राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोपी के पास से क्या-क्या मिला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस के मुताबिक, शिवांजय राजपूत पहले से शराब तस्करी में शामिल रहा है और उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
CM मोहन यादव का जीरो टॉलरेंस पर जोर
सागर जहरीली शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।सागर शराब कांड में इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और शराब तस्करी के नेटवर्क पर भी कार्रवाई की उम्मीद है।