1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Lucknow : धमाका इतना भीषण कि प्लांट की छत उड़ गई, मरने वाले और घायल व्यक्ति की नहीं हो पा रही पहचान

Lucknow : धमाका इतना भीषण कि प्लांट की छत उड़ गई, मरने वाले और घायल व्यक्ति की नहीं हो पा रही पहचान

By: Amit ranjan 
Updated:
Lucknow : धमाका इतना भीषण कि प्लांट की छत उड़ गई, मरने वाले और घायल व्यक्ति की नहीं हो पा रही पहचान

नई दिल्ली : देश में जारी कोरोना संकट के बीच लगातार ऐसे कई हादसे हो रहे है, जिसने लोगों के दिलों को दहला कर रख दिया है। एक तरफ जहां लोग ऑक्सीजन के लिए तड़प-तड़प कर मर रहे है। वहीं दूसरी तरफ लगातार दूसरी बार ऑक्सीजन सिंलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं पांच लोग घायल भी हो गए है। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है। आपको बता दें कि यह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हादसा चिनहट के केटी ऑक्सीजन प्लांट में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक चिनहट स्थित केटी वेल्डिंग स्टोर ऑक्सीजन प्लांट में दोपहर करीब 3 बजे जम्बो सिलेंडर में रिफिलिंग करते वक्त भीषण धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि प्लांट की छत उड़ गई। धमाके में प्लांट में मौजूद 3 व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाले और घायल व्यक्ति कौन हैं इस बारे में भी जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर और जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश समेत अन्य अफसरों ने प्लांट पहुंचकर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

वहीं डीएम का कहना है कि सभी मृतक और घायल प्लांट में काम करने वाले कर्मचारी ही हैं जबकि पुलिस कुछ बाहर के लोगों के भी मरने और घायल होने की आशंका जता रही है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड प्लांट पहुंचकर धमाके की छानबीन में जुट गया है। बता दें कि इससे पहले पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी ऑक्सीजन प्लांट में रिफिलिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक श्रमिक की मौत हो गई थी और 2 लोग घायल हो गए थे। दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पनकी गैस प्लांट में किदवई नगर के एक अस्पताल का कोई व्यक्ति गैस भरने को आया था। उसका एक सिलेंडर संभवत: कमजोर था जिसमें विस्फोट हुआ। इसमें यहां के एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई थी।

रोगियों के लिये खोला गया अटल बिहारी वाजपेयी कोविड अस्पताल

वहीं दूसरी तरफ लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में 450 बिस्तरों से अधिक के अटल बिहारी वाजपेयी कोविड अस्पताल को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने बुधवार को रोगियों के लिये खोल दिया। सरकारी बयान में कहा गया है कि रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के निर्देश पर डीआरडीओ ने 450 बिस्तरों से अधिक के कोविड अस्पताल को अवध शिल्पग्राम में रिकॉर्ड समय में स्थापित किया है।

इसमें कहा गया है कि अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा और मरीजों को मुफ्त में भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। बयान के अनुसार राज्य सरकार की मदद से डीआरडीओ ने ऑक्सीजन और चिकित्सा आपूर्ति की व्यवस्था की है, जो नि: शुल्क दी जाएगी। अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया. बयान के अनुसार डीआरडीओ और राज्य सरकार ने अस्पताल की सुविधाओं के त्वरित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और सभी प्रमुख पहलुओं को संभाल रहे हैं।

बयान के मुताबिक अस्पताल सशस्त्र बलों की एक टीम द्वारा चलाया जा रहा है जिसमें नर्सों और अर्द्धसैनिक कर्मचारियों के साथ कई विशिष्टताओं के डॉक्टर शामिल हैं। मेडिकल स्टाफ को देश भर से लाया गया है। अस्पताल में प्रवेश को उत्तर प्रदेश राज्य प्राधिकरणों द्वारा स्थापित लखनऊ में इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से नियंत्रित किया जाएगा और अस्पताल में सीधे तौर पर मरीजों की भर्ती नहीं होगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...