देश भर में त्योहारी मौसम की धूम मची हुई है। वहीँ कोरोनावायरस महामारी पर अब तक काबू नहीं पाया गया। त्योहारी मौसम के बीच कोरोना महामारी पर काबू पाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से कई तरह के उपाय किए जा रहे हैं।
कई राज्यों ने कोरोना महामारी और वायु प्रदूषण को रोकने के लिए पटाखों की बिक्री और उन्हें जलाने पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है। वहीँ महाराष्ट्र सरकार ने दिवाली के दौरान कोरोना पर नियंत्रण करने के लिए एहतियाती कदम उठाते हुए शुक्रवार को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की।
सीएम उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के लोगों से पटाखे फोड़ने से बचने का आग्रह किया है ताकि शोर-शराबे और वायु प्रदूषण पर लगाम लगाई जा सके। महाराष्ट्र सरकार के लोगों से अपील करने से पहले राजस्थान और दिल्ली सरकार ने पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी पर रोक लगा दी है।

दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने कोरोनावायरस और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए किसी भी तरह के पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दी है। यह रोक 30 नवंबर तक है। इससे पहले, दिल्ली में ग्रीन पटाखों की ब्रिकी की छूट थी, लेकिन अब दिल्ली सरकार ने इस पर भी रोक लगा दी है। यानी दिल्ली में अब किसी भी तरह के पटाखों की ना तो खरीद-फरोख्त हो सकती है और ना ही पटाखे फोड़े जा सकते हैं।
गौरतलब है कि देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। वहां पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 5,246 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 लाख के पार चली गई।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस अवधि में 11 हजार 277 मरीज स्वस्थ हो गए और ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 15 लाख 51 हजार 282 हो गई। जबकि 44 हजार 665 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 1 लाख 6 हजार 764 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
वही दिल्ली में लगातार तीसरे दिन कोरोना के 6,000 से ज्यादा नए केस सामने आए, जिससे राजधानी में संक्रमण की दर बढ़कर करीब 13 फीसदी हो गई।

पिछले 24 घंटों में यहां कोरोना के 6,715 नए मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,16,653 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटों में 66 मरीजों की मौत हुई। 27 जून के बाद पहली बार एक दिन में इतनी मौतें हुई हैं। यहां अब तक 6,769 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है।
बुधवार को 24 घंटे में 6842 मरीज संक्रमित हुए थे। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से गुरुवार रात के करीब साढ़े आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 5,289 लोग रिकवर हुए हैं। अब तक 4,16,653 लोग राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमित हुए हैं और इनमें से 3,71,155 मरीज ठीक हुए हैं।