मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार नरेन्द्र मोदी के क्रांतिकारी विकास मॉडल को अपनाते हुए प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह विचार उन्होंने वरिष्ठ संपादक एवं पद्मश्री लेखक आलोक मेहता द्वारा रचित पुस्तक ‘रिवॉल्यूशनरी राज – नरेन्द्र मोदी: 25 इयर्स’ (कॉफी टेबल बुक) ग्रहण करते हुए व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर देशी-विदेशी निवेश आकर्षित कर औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, स्टार्ट-अप्स, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के विकास मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस और उद्योग-अनुकूल नीतियों के जरिए प्रतिस्पर्धी निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। साथ ही, गीता भवन निर्माण योजना में पुस्तकालयों के प्रावधान के माध्यम से पुस्तकों और पठन-संस्कृति को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पत्रकारों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक कलाकारों को सामाजिक जागरूकता के लिए हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देती रहेगी।
डॉ. यादव ने पुस्तक में उल्लिखित समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं में अनुशासन और आत्मनिर्भर विकसित भारत के संकल्पों को साकार करने के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने पुस्तक की विस्तृत भूमिका अमित शाह द्वारा लिखे जाने को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि गृह मंत्री के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में यह पुस्तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और इसे शैक्षणिक संस्थानों व पुस्तकालयों तक पहुँचाया जाना चाहिए।
यह भेंट-वार्ता वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक में भाग लेने के लिए दावोस (स्विट्ज़रलैंड) रवाना होने से पूर्व हुई। उल्लेखनीय है कि पुस्तक का प्रकाशन शुभी पब्लिकेशंस द्वारा किया गया है।