1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. मध्यप्रदेश उपचुनाव : 28 विधानसभा सीटों पर मतदान आज

मध्यप्रदेश उपचुनाव : 28 विधानसभा सीटों पर मतदान आज

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मध्यप्रदेश उपचुनाव : 28 विधानसभा सीटों पर मतदान आज

मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए आज मतदान होगा। जहां अपनी सरकार बचाने के लिए भाजपा का कांग्रेस के साथ मुकाबला है। कोरोना महामारी की रोकथाम के दिशा-निर्देशों के साथ सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा।

अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 महामारी के कारण उपचुनावों के लिए व्यापक प्रबंध किये गये हैं। इन प्रबंधों में चुनाव कर्मियों के लिए निजी सुरक्षा उपकरण (पीपीई), अधिक मतदान केन्द्र, थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर, मतदाताओं के लिए मास्क और दस्ताने और सामाजिक दूरी सुनिश्चित करना शामिल है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़, झारखंड और नगालैंड को छोड़कर, अन्य राज्यों में मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। जो मतदाता कोविड-19 से संक्रमित हैं, उन्हें अंतिम घंटों में अलग से मतदान करने की अनुमति दी जायेगी। मतगणना 10 नवम्बर को होगी।

मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार इतनी ज्यादा विधानसभा सीटों पर एक साथ उपचुनाव हो रहे हैं। ये उपचुनाव तय करेंगे कि 10 नवबंर को इनके परिणाम आने के बाद कौन सी पार्टी प्रदेश में सत्ता में रहेगी – सत्तारूढ़ भाजपा या मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस।

उपचुनाव के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस से भाजपा में आए ज्योतिरादित्य के लिए परीक्षा माना जा रहा है। इसके अलावा, इस उपचुनाव में उन 25 प्रत्याशियों के भाग्य का भी फैसला होगा जो कांग्रेस विधायकी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद अपनी छोड़ी हुई उसी सीट से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

इनमें से अधिकांश ग्वालियर राजघराने के वंशज ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं, जो खुद भी कांग्रेस छोड़ इस साल मार्च में भाजपा में शामिल हुए हैं। इसलिए इस उपचुनाव में सिंधिया की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।

नगालैंड की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में है जिनमें से दक्षिणी अंगामी -1 पर तीन उम्मीदवार और पुंग्रो-किफिर सीट पर पांच उम्मीदवार मैदान में है। नगालैंड की इन सीटों पर सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गृह क्षेत्र दुमका में उनके छोटे भाई बसंत सोरेन और भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री लुईस मरांडी के बीच मुकाबला होगा। बोकारो जिले की बेरमो सीट पर भाजपा के योगेश्वर महतो और कांग्रेस के अनूप सिंह के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद है।

ओडिशा में बीजद और भाजपा तीर्थोल और बालासोर सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों पार्टियों ने 2019 के विधानसभा चुनावों में क्रमशः इन सीटों पर जीत हासिल की थी।

मंगलवार को देश के 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं और इनमें से आधे से अधिक सीटों पर मध्य प्रदेश में हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में 28, गुजरात में 8, उत्तर प्रदेश में 7, ओडिशा, नागालैंड, कर्नाटक और झारखंड में 2-2 सीटें और छत्तीसगढ़, तेलंगाना और हरियाणा में एक-एक सीट पर आज मतदान हो रहा है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...