उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक और ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें लड़की ने अपने ही परिवार से अपनी और अपने प्रेमी की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लड़की कह रही है, मैं उससे बहुत प्यार करती हूं, उससे शादी करना चाहती हूं। मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना। मैं उनके साथ बहुत खुश हूं।
लड़की का कहना है कि उसके परिवार वाले उसकी मर्जी के बिना कही और शादी करने जा रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद लड़की के पिता ने थाने में लड़के के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने पिता की शिकायत परएफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेली के बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र की युवती के स्कूल में साथ पढ़ने वाले युवक से प्रेम संबंध हो गए थे। दोनों अल्पसंख्यक समाज से हैं। दोनों की जातियां भी एक हैं। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले प्रेमी युगल घर से भाग गए।
इसके बाद युवती के पिता ने बहेड़ी कोतवाली में युवक के खिलाफ बहला फुसलाकर युवती को ले जाने की तहरीर दी। बीती रात युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर दिया, जिसमें वह अपने परिवार वालों से अपनी व प्रेमी की जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पिता की तहरीर पर एफआईआर लिखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का यह भी कहना है कि दोनों को बरामद कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।