देश मे एकाएक कोरोना के बढ़ते मामलों को देख कन्नौज प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कन्नौज डीएम जहां मामले बढ़ने पर नए क्वॉरेंटाइन सेंटर के लिए जगह तलाशने में जुटे हैं तो वहीं, एसपी ने फोर्स को और सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। दोनों अफसरों ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिले के कई स्थान का निरीक्षण भी किया।
दरअसल, कन्नौज जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने पीडब्ल्यूडी व डूडा के नए निर्मित भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इन भवनों में थोड़ी बहुत कमी है जिसे जल्द पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर कोई इमरजेंसी पड़ती है तो इन भवनों को क्वॉरेंटाइन सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
इसके साथ ही दूसरी ओर पुलिस ने भी एकाएक कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या देख सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस ने लॉकडाउन तोड़ने वालों पर मुकदमें दर्ज कर कार्यवाही शुरू की है। सोशल मीडिया पर अफवाह व गलत सूचनाएं फैलाने वालों पर भी मुकदमे दर्ज कर जेल पहुंचाने के निर्देश एसपी ने जारी कर दिए हैं। एसपी का कहना है कि जो भी लॉकडाउन का उल्लंघन करेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।