बांका: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बांका जिले में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। भलजोर चेकपोस्ट पर जांच के दौरान एक 16 चक्का ट्रक से करीब 10,694.800 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर भलजोर चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड के हंसडीहा की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड ट्रक नंबर RJ 09 GE 6986 को जांच के लिए रोका गया।ट्रक की शुरुआती तलाशी में उसमें धान की भूसी के बोरे लदे दिखाई दिए। टीम को संदेह होने पर जब भूसी को हटाकर ट्रक की गहराई से जांच की गई, तो उसके नीचे शराब के कार्टून छिपाकर रखे मिले।
तलाशी के बाद ट्रक से कुल 1,214 कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई। इनमें करीब 10,694.800 लीटर शराब होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब का बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 28 लाख रुपये है। शराब की बोतलों और कार्टून पर ‘For Sale in Punjab Only’ लिखा हुआ मिला। इससे शराब की खेप के दूसरे राज्य से बिहार में अवैध तरीके से पहुंचाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की टीम ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मोहन लाल के रूप में हुई है। वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू थाना क्षेत्र स्थित नरसाली नडी गांव का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान चालक के पास से एक Samsung 5G स्मार्टफोन भी बरामद किया गया।
मामले में मद्यनिषेध थाना बांका में कांड संख्या 415/26 दर्ज किया गया है। बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से भेजी गई थी और इसे बिहार में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके अलावा पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बांका में हुई इस बड़ी बरामदगी के बाद शराब तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन और मद्यनिषेध विभाग ने अवैध शराब के परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।