पन्ना जिले के जेके सीमेंट प्लांट परिसर में नव-निर्मित ‘लाला कमलापत एजुकेशन सेंटर’ का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा, पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह तथा जेके सीमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राघव सिंघानिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर शिक्षा केंद्र का शुभारंभ किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कंपनी प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी शिक्षित युवा पीढ़ी होती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा केंद्र की स्थापना को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और नए अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने उद्योगों से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए शिक्षा और समाज के विकास में योगदान देने की अपील भी की।

पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षा केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी क्षेत्र की जरूरत हैं। उन्होंने जेके सीमेंट प्रबंधन से प्लांट क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए एक आधुनिक अस्पताल स्थापित करने का आग्रह किया, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े। इस प्रस्ताव का कार्यक्रम में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी समर्थन किया।

जेके सीमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राघव सिंघानिया ने कहा कि कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास को अपनी प्राथमिकता मानती है। उन्होंने बताया कि ‘लाला कमलापत एजुकेशन सेंटर’ का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक संसाधनों और बेहतर शिक्षण व्यवस्था के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। अस्पताल निर्माण की मांग पर उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि कंपनी इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगी और भविष्य में इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जेके सीमेंट के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिक्षा केंद्र का अवलोकन किया। सभी ने इसे पन्ना जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।