एआई आधारित प्रोटीन नवाचार: शिरू कंपनी से सहयोग की दिशा
WEF-2026 के दौरान दावोस में मध्यप्रदेश सरकार और एआई आधारित प्रोटीन नवाचार में अग्रणी Shiru के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने शिरू की सीईओ एवं संस्थापक डॉ. जैस्मिन ह्यूम से संवाद किया। बातचीत का फोकस एआई-संचालित प्रोटीन खोज व डिज़ाइन, कृषि-आधारित इनपुट्स और अनुप्रयुक्त अनुसंधान पर रहा।
शिरू ने अपने प्लेटफॉर्म, प्राकृतिक प्रोटीन (लगभग 77%), टेक्नोलॉजी लाइसेंसिंग और पूंजी-कुशल उत्पादन मॉडल की जानकारी साझा की। कंपनी ने मध्यप्रदेश की सुदृढ़ कृषि व्यवस्था में विशेष रुचि दिखाई और विश्वविद्यालयों व कृषि अनुसंधान संस्थानों के साथ संयुक्त परियोजनाओं, पायलट्स और संभावित उत्पादन केंद्रों पर सहमति बनी।
नवकरणीय ऊर्जा भंडारण: अमारा राजा समूह से अहम मंथन
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने Amara Raja Group के सह-संस्थापक, चेयरमैन एवं एमडी जय गल्ला से ऊर्जा भंडारण और बैटरी-आधारित समाधानों पर चर्चा की। मुरैना में संचालित बैटरी स्टोरेज परियोजना से पीक अवर्स में 4 घंटे की आपूर्ति, 24×7 सौर ऊर्जा के लिए एकीकृत स्टोरेज रणनीति, पंप स्टोरेज नीति और हाइब्रिड मॉडल (हाइड्रो-सोलर/थर्मल-सोलर) पर सहमति बनी। विस्तृत डेटा शेयरिंग और निरंतर संवाद का निर्णय लिया गया।
टियर-2 टेक्नोलॉजी हब: HCL टेक के साथ संवाद
दावोस में HCLTech के कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट अभय चतुर्वेदी से टियर-2 शहरों में विस्तार पर बातचीत हुई। राज्य की GCC पॉलिसी, प्रतिस्पर्धी लागत, रेडी-टू-मूव ऑफिस स्पेस, सिंगल विंडो क्लियरेंस, विश्वसनीय बिजली, कनेक्टिविटी और IIT/NIT/IISER जैसी शैक्षणिक ताकतों को रेखांकित किया गया। HCLTech ने मध्यप्रदेश में टेक सेंटर/ऑफशोर डेवलपमेंट सेंटर की संभावनाओं में रुचि दिखाई।
मध्यप्रदेश-इज़राइल नवाचार संवाद
मध्यप्रदेश स्टेट लाउंज में Israel Innovation Authority के चेयरमैन डॉ. एलन स्टोपेल के साथ क्वांटम टेक, एडटेक, रक्षा प्रौद्योगिकी, जल समाधान जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। G2G सहयोग, स्टार्ट-अप आधारित पायलट्स, सह-निवेश और औपचारिक सहयोग ढांचे पर सहमति बनी-जिससे तकनीक-आधारित औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
एआई और उभरती तकनीकें: टच लैब के साथ बातचीत
एआई कंपनी TouchLab के सलाहकार हर्वे कौराये के साथ एआई, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन गेमिंग और AVGC क्षेत्रों में सहयोग पर संवाद हुआ। राज्य की किफायती बिजली, NATRAX जैसी विशिष्ट परिसंपत्ति और 6,000+ स्टार्ट-अप्स वाले इकोसिस्टम को पायलट्स व सह-विकास के लिए उपयुक्त बताया गया।
हरित ऊर्जा निवेश: ग्रीन एनर्जी-3000 और पीस इन्वेस्ट
जर्मनी की Green Energy-3000 के साथ EPC, वित्तपोषण और इक्विटी निवेश पर चर्चा हुई। साथ ही जिनेवा स्थित Peace Invest के CIO यूसुफ मर्चेंट से जल-ऊर्जा परियोजनाओं में को-इन्वेस्टमेंट पर मंथन हुआ।
वैश्विक संस्थानों और उद्योगों से संवाद
पहले दिन Japan Bank for International Cooperation, Reliance Industries, Jio Star, Bloomberg Media, IREDA और Tech Mahindra के साथ भी निवेश, ब्रांडिंग, वित्त और आईटी विस्तार पर व्यापक चर्चाएँ हुईं।
दावोस में WEF-2026 के पहले दिन मध्यप्रदेश ने एआई, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और नवाचार के क्षेत्रों में ठोस संवाद और साझेदारियाँ आगे बढ़ाईं। यह गतिविधियाँ प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत करती हैं और सतत विकास, रोजगार सृजन व हरित ऊर्जा लक्ष्यों को नई गति देती हैं।






