बिहार केकटिहार में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चुनावी सभा की। यहां उन्होंने मनिहारी विधानसभा के बैरिया मदरसा मैदान में AIMIM प्रत्याशी गुरेती मुर्मू के पक्ष में वोट करने की अपील की। सभा में ओवैसी यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ पर जमकर बरसे।
हरियाणा के निकिता हत्याकांड के बाद लव जिहाद को लेकर एक बार फिर से बहस छिड़ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने की बात कही। वहीं AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने योगी पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को कानून की जानकारी नहीं है।
बिहार के कटिहार के सभा में योगी पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने कहा, ”आर्टिकल 21 क्या कहता है, योगी पढ़ें और पढ़ कर देश को बताएं। BJP-RSS देश के मुसलमानों के खिलाफ नफरत भड़काती रहती है।”
ओवैसी ने कहा कि बीजेपी-आरएसएस वाले मुसलमानों के खिलाफ कुछ न कुछ कहते रहते हैं ताकि मुसलमानों के खिलाफ नफरत भड़काई जाए। जब कोरोना चल रहा था तो तबलीग़ी जमात कहा, कोर्ट ने उसको झूठ बताया। फिर यूपीएससी का जिहाद कहा, सुप्रीम कोर्ट ने बता दिया सच्चाई क्या है। अब योगी लव जिहाद की यह बात कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, ”ये उत्तर प्रदेश के सीएम हैं मगर इनको संविधान नाम की चीज न समझ में आती है न उनको कुछ मालूम है। उनको ये समझना है कि संविधान में आर्टिकल 21 क्या है, वो पढ़ लें, अगर उनको पढ़ना नहीं आता तो किसी जानकार वकील से पढ़वा लें।”
ओवैसी ने कहा कि तीसरी बात स्पेशल मैरेज एक्ट क्या है? स्पेशल मैरेज एक्ट निलवाईये, ये सिर्फ अपनी नाकामियों को छुपाना चाहते हैं। बिहार में इनकी दाल नहीं गल रही है, इसलिए नफरत फैलाना चाहते हैं।
बता दें कि 26 अक्टूबर को हरियाणा के फरीदाबाद में तौसीफ नाम के सिरफिरे ने निकिता की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद लव जेहाद को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। हरियाणा से लेकर यूपी तक जबरन धर्म परिवर्तन और लव जेहाद के खिलाफ कानून बनाने की बात की जा रही है।