सीहोर, मध्य प्रदेश: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयानों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने प्रतिक्रिया दी है। सीहोर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने ओवैसी के बयानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भोपाल की सामाजिक एकता और भाईचारे को प्रभावित करने वाली बयानबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।
जसपाल सिंह अरोरा ने अतिक्रमण हटाने और मिसाइल से जुड़े अपने कथित बयान पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मिसाइल शब्द का इस्तेमाल एक मुहावरे के रूप में किया गया था। उनका कहना था कि इसका आशय वास्तविक रूप से मिसाइल कार्रवाई से नहीं था, बल्कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत देने के लिए यह शब्द इस्तेमाल किया गया था।
अरोरा ने कहा कि भोपाल लंबे समय से हिंदू-मुस्लिम सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते आए हैं और इस सामाजिक एकता को बनाए रखना जरूरी है।

भाजपा नेता ने ओवैसी की भाषा और बयानों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से राजनीतिक और सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भोपाल के लोग शहर की शांति और सामाजिक सद्भाव को प्राथमिकता देते हैं। अरोरा ने ओवैसी के दोबारा भोपाल आने की स्थिति में विरोध की बात कही। उन्होंने अपने बयान में तीखी और आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया, जिसे उन्होंने ओवैसी के बयानों के जवाब के रूप में प्रस्तुत किया।
ओवैसी के बयानों और अरोरा की प्रतिक्रिया के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई है। दोनों नेताओं की टिप्पणियां राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर उनके अलग-अलग रुख को सामने रखती हैं।